सड़क किनारे गड्ढे में मिला चार दिन से लापता अजय का शव

गौरव सिंघल, नागल। बीते चार दिन से लापता गांव जोला डिडौली निवासी अजय सैनी (17) का शव सिडकी-झबरेड़ा मार्ग पर बोहड़पुर में काली नदी के पास सड़क किनारे गड्ढे में मिला है। उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। एक आंख निकाल रखी है। सिर के बाल काटे गए और शव को जलाने का भी प्रयास किया गया है, जिससे तंत्र क्रिया में हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और एक आरोपी को हिरासत में भी ले लिया है। बता दे कि अजय सैनी एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव में ही गया था और देर रात तक घर नहीं पहुंचा था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। उसका फोन भी बंद मिला। इसके बाद पिता सागर सैनी ने थाने पहुंचकर बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, बीती रात को सूचना मिली कि काली नदी के पास गड्ढे में एक किशोर का शव पड़ा है। इस पर पुलिस ने अजय के परिजनों को मौके पर बुलाया। उन्होंने उसकी पहचान अजय के रूप में की। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। अजय के पिता सागर सैनी ने बड़गांव के गांव महेशपुर निवासी अजय सैनी, पहाड़पुर निवासी सुशील, राकेश और नयागांव निवासी सुरेंद्र सैनी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। इनमें से एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सागर सैनी किसान हैं। मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार की गुजर बसर कर रहे हैं। पांच बच्चों में बड़ी तीन बेटियां हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी हैं। अजय सैनी का एक जुड़वा भाई है। अजय पढ़ाई छोड़कर बिजली के उपकरण ठीक करने का काम सीख रहा था। अजय की हत्या के बाद क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। अजय की जिस तरह से हत्या की गई है, उससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह तंत्र क्रिया की भेंट चढ़ा हो। उसकी एक आंख निकाली गई है, जो शव के पास भी नहीं मिली है। सिर के बाल भी काटे गए हैं। पेट पर भी जलाने के निशान हैं। परिजन किसी से भी अपनी या अजय की रंजिश नहीं बता रहे हैं। ऐसे में उसकी हत्या की वजह भी सामने नहीं आ पा रही है। घर से गायब होने वाले दिन अजय को महेशपुर निवासी उसके हमनाम अजय के साथ देखा गया था। इसी आधार पर परिजनों ने अजय और उसके तीन साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि, उन्होंने अजय को क्यों मारा है इसका जवाब अभी मृतक के परिजनों के पास नहीं है। एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि

सिडकी-झबरेड़ा मार्ग पर गांव बोहड़पुर के पास सड़क किनारे गड्ढे में किशोर का शव मिला है। हत्या, आत्महत्या और हादसा तीनों ही बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है। मृतक के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post