गौरव सिंघल, सहारनपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में संघ के 6 वें सरसंघ चालक डा. मोहन भागवत शनिवार को मेरठ के शताब्दी नगर-माधवकुंज में मेरठ और ब्रज प्रांत के प्रबुद्धजनों की गोष्ठी में व्याख्यान देंगे। यह जानकारी आज संघ के क्षेत्रीय कार्यवाह पश्चिमी उत्तर प्रदेश डा. प्रमोद शर्मा ने दी। सहारनपुर जिले के संघ के जिला कार्यवाह मनीष त्यागी और देवबंद के नगर संघ चालक योगेंद्र गोयल ने बताया कि 27 सितंबर 1925 को विजयदशमी के दिन अप्रतीम देशभक्त और दूरदृष्टा डा. केशव बलिराम हेडगेवार ने महाराष्ट्र के नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी।
संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पिछले वर्ष 26 अगस्त 2025 को दिल्ली के विज्ञान भवन में डा. मोहन भागवत की तीन दिवसीय व्याख्यानमाला की शुरूआत हुई थी। तब से डा. भागवत देशभर में प्रमुख स्थानों पर बड़ी संख्या में प्रबुद्ध गोष्ठियों को संबोधित कर चुके हैं। अब वह 21 फरवरी शनिवार को मेरठ में पश्चिम प्रांत और ब्रज प्रांत के चुनिंदा बुद्धिजनों के समक्ष व्याख्यान देंगे और उनके प्रश्नों के उत्तर भी देंगे। उनके इस आयोजन में सहारनपुर जनपद से भी कई प्रमुख बुद्धिजीवी भाग लेने मेरठ जाएंगे।
