हिंदूवादी नेता विकास त्यागी ने राज्यपाल से की भेंट

गौरव सिंघल, देवबंद। बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक और प्रखर हिन्दूवादी नेता विकास त्यागी ने आज लखनऊ स्थित राजभवन में उत्तर प्रदेश की राज्यपालआनंदीबेन पटेल से भेंट कर प्रदेश की वर्तमान सामाजिक स्थिति, क्षेत्रीय समस्याओं और जनहित से जुड़े गंभीर विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। भेंट के दौरान विकास त्यागी ने राज्यपाल को जनहितकारी मुद्दों और प्रशासनिक चुनौतियों से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा और उनके प्रभावी समाधान का विनम्र अनुरोध किया। राज्यपाल ने विकास त्यागी द्वारा उठाए गए बिंदुओं को अत्यंत धैर्य और गहराई से सुना तथा जनहित की इन समस्याओं के निराकरण के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि शासन स्तर से इन विषयों पर सकारात्मक और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। राज्यपाल ने प्रदेश की प्रगति और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए किए जा रहे विकास त्यागी के प्रयासों की सराहना भी की। भेंटवार्ता के अंत में विकास त्यागी ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पौराणिक शहर देवबंद पधारने हेतु सादर आमंत्रित किया और उनसे सिद्धपीठ मां श्री त्रिपुर बाला सुंदरी देवी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने का विशेष आग्रह किया, जिसे राज्यपाल ने सहर्ष स्वीकार किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post