फंदे से लटका मिला युवक का शव

गौरव सिंघल, नानौता क्षेत्र के गांव ओलरा में प्रवीण प्रजापति (47) का शव उसके खेत में बने कमरे में फंदे से लटका मिला है। मृतक के परिजनों ने बताया कि प्रवीण पिछले काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उस पर काफी लोगों का कर्ज था। माना जा रहा है कि इसी कारण उसने आत्महत्या की है। प्रवीण की पत्नी बबीता ने बताया कि रोज वह दोनों घर के पास स्थित घेर में पशुओं को चारा पानी देने जाते थे। आज सुबह प्रवीण ने अकेले ही पशुओं को नहलाने की बात कही और घर से निकल गए। बताया जाता है कि वह घेर में न जाकर खेत में बने कमरे पर चला गया। जब काफी देर तक प्रवीण घर नहीं पहुंचा तो उसकी पत्नी उसे तलाश करते हुए घेर पर पहुंची लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद वह बेटे को लेकर खेत पर गई। वहां देखा कि प्रवीण का शव फंदे से लटका था। इसके बाद पुलिस को खबर की गई। पुलिस ने शव को नीचे उतार कर जांच पड़ताल की। प्रवीण के तीन बच्चे हैं जिनमें बेटा विवाहित तथा दो बेटियां अविवाहित हैं। बताया जा रहा है कि प्रवीन प्रजापति एक ट्रेडिंग कंपनी में कार्य करता था और उसमें लोगों का पैसा भी लगवाया हुआ था। पिछले कुछ दिनों से संबंधित कंपनी द्वारा भुगतान बंद कर दिया गया था। इसके चलते लोग अपने पैसे वापस मांग रहे थे और लगातार दबाव बना रहे थे। माना जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव के चलते प्रवीण प्रजापति ने आत्महत्या की है। उधर पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। यदि कुछ संदिग्ध आता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post