जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल द्वारा SIR प्रक्रिया के तहत दी गई जानकारी

गौरव सिंघल, सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में विधानसभा प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया चल रही है। 06 जनवरी को आलेख्य निर्वाचक नामावली प्रकाशित की गई है तथा 06 फरवरी को आपत्ति प्राप्त करने की अन्तिम तिथि है। उन्होंने बताया कि आलेख्य सूची में जिनकी मैपिंग वर्ष 2003 की मतदाता सूची से नहीं हुई है, ऐसे नो मैपिंग मतदाताओं एवं लाॅजिकल डिस्करीपेन्सी वाले मतदाताओं की सुनवाई का कार्य 27 फरवरी तक चलेगा। उन्होंने बताया कि जनपद के 3018 बीएलओ अपने बूथ पर उपस्थित रहकर इस कार्य को कर रहे है। जनपद के 7 ईआरओ व 161 एईआरओ कुल 168 अधिकारियों द्वारा नोटिस की सुनवाई का कार्य किया जा रहा है। 

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 516435 नोटिस जनरेट होने है जिनमें से 483938 नोटिस जनरेट हो चुके है, 150900 नोटिस डिलीवर्ड हो चुके है तथा 85349 नोटिस की सुनवाई हो चुकी है। उन्होंने बताया कि मतदाता के पास जैसे ही बीएलओ आता है, नोटिस प्राप्त कराते हुए फोटो खिंचेगा। उन्होंने बताया कि मतदाता चाहे तो अपने अभिलेख उसी समय बीएलओ को दे सकता है। यदि किन्हीं कारणों से वर्ष 2003 की मतदाता सूची से किसी मतदाता का नाम मैप नहीं हो पाया है तो वह अपनी वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग करा सकता है।उन्होंने बताया कि नोटिस की सुनवाई में कोई मतदाता किन्हीं कारण से उपस्थित नहीं हो सकता है तो वह अपने परिवार के सदस्य या जानकार को लिखित में प्राधिकृत कर अभिलेख प्रस्तुत करने हेतु संबंधित ईआरओ-एईआरओ के पास भेज सकता है। उन्होंने बताया कि अभिलेख जारी करने वाले संबंधित कार्यालयों में भी हेल्पडेस्क बनाये गये है, जहां जाकर मतदाता अपने अभिलेख/प्रमाण पत्र बनवा सकते है। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा 13 निर्धारित डाकूमेन्ट में से जिनका जन्म 01.07.1987 से पहले भारत में हुआ है, वह स्वयं के लिए कोई भी एक अभिलेख, जिनका जन्म 01.07.1987 और 02.12.2004 के बीच भारत में हुआ है, उन्हें स्वयं के लिए कोई एक अभिलेख व अपने पिता या माता में से किसी एक का अभिलेख तथा जिनका जन्म भारत में 02.12.2004 के बाद हुआ है, वह स्वयं, पिता और माता तीनों का एक-एक अभिलेख देना होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के दौरान दिनांक 27-10-2025 से अब तक 102115 फार्म-6 प्राप्त हुए है तथा आलेख्य प्रकाशन अवधि दिनांक 06-01-2026 से अब तक 61544 फार्म-6 प्राप्त हुए है। उन्होंने बताया कि जो वयक्ति 01-01-2026 को 18 वर्ष पूर्ण कर चुके है, वह फार्म-6 घोषणा पत्र के साथ भरकर अपने बीएलओ को जमा करा सकते है तथा जो भविष्य में 01 अप्रेल, 01 जुलाई व 01 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर करेगें वह भी अग्रिम में फार्म-6 घोषणा पत्र के साथ भरकर अपने बीएलओ को जमा करा सकते है। उन्होंने अपील की, कि किसी प्रकार की भ्रान्ति या अफवाह न फैलायी जाये तथा किसी के बहकावे में न आये तथा अर्ह मतदाता अधिक से अधिक फार्म-6 अवश्य भरवाये।

Post a Comment

Previous Post Next Post