शि.वा.ब्यूरो, खतौली। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने आज नगर पालिका परिषद एवं तहसील का वार्षिक निरीक्षण किया। नगर पालिका परिषद के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार, जेई, प्रधान लिपिक श्रवण कुमार, लिपिक राहुल कुमार सहित पालिका के अन्य सम्बन्धित कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। इसी प्रकार तहसील में निरीक्षण के दौरान उपाजिलाधिकारी निकिता शर्मा सहित तहसीलदार अरविंद कुमार व सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सम्बन्धितों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।
आमतौर पर वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान प्रायः सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा जाता है, लेकिन अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह के निरीक्षण के दौरान पालिका परिषद व तहसील के अधिकारी व कर्मचारी ने केवल सामान्य नजर आये, बल्कि निरीक्षण के बाद पालिका परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों ने शिक्षा वाहिनी को बताया कि निरीक्षण करने आये अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह बेहद सुलझे व कार्यकुशल अधिकारी हैं। अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार की मानें तो ऐसे अधिकारी के सानिध्य व निरीक्षण से बहुत कुछ सीखने को मिलता है।
नगर पालिका परिषद मंे निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सम्बन्धितों को निर्देशित किया कि स्वच्छता व्यवस्था को नियमित रूप से बनाए रखा जाए। उन्होंने कर एवं करेत्तर देयों की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने, नगर क्षेत्र में प्रतिदिन साफ-सफाई कराने, कूड़ा प्रबंधन को और अधिक व्यवस्थित करने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, नालों की नियमित सफाई कराने व एंटी लार्वा का छिड़काव नियमित रूप से कराए जाने सहित नगरवासियों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-समय पर जल की गुणवत्ता के नमूनों का परीक्षण कराए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, ताकि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं हो सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिसर में संचालित गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में आश्रित गौवंशों को गुड़ भी खिलाया। अपर जिलाधिकारी ने पालिका ईओ सहित सम्बन्धितों को निर्देशित किया कि समय-समय पर गौवंशों का नियमित चिकित्सकीय परीक्षण अवश्य कराया जाए तथा उनके लिए पर्याप्त मात्रा में हरे चारे, भूसा एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गौशाला परिसर में साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था संतोष व्यक्त किया।
तहसील के निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने उप जिलाधिकारी निकिता शर्मा, तहसीलदार अरविंद कुमार एवं नायब तहसीलदारों के राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों के शीघ्र एवं नियमानुसार निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पाँच वर्ष से अधिक पुराने राजस्व वादों में दिन-प्रतिदिन की तिथि नियत कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के समय प्राप्त प्रार्थना पत्रों एवं शिकायतों का समय से, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण किया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष वसूली सुनिश्चित करने, लंबित ऑडिट आपत्तियों का शीघ्र निस्तारण करने तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए आम जनता को अधिकाधिक सुविधा प्रदान की जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप सुशासन की स्थापना सुनिश्चित की जा सके।
बता दें कि अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह की छवि ऐसे अधिकारियों में की जाती है, जो गलती के बाद सजा देने से अधिक गलती की सम्भावनाओं को नगण्य करने में विश्वास रखते हैं।




