मेरठ–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मुजफ्फरनगर बाईपास परियोजना को मिली गति, 419.47 करोड़ स्वीकृत

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग और उधमशीलता विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल की मांग पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश में मेरठ–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मुजफ्फरनगर बाईपास के आरंभिक भाग में महत्वपूर्ण अवसंरचना विकास कार्यों हेतु ₹419.47 करोड़ की लागत से परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है। कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत मुजफ्फरनगर बाईपास के प्रारंभ बिंदु पर 6-लेन फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, साथ ही इसके सहायक मार्गों का विकास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त वर्तमान 4-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग को 6-लेन तक चौड़ा किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय तथा अंतरराज्यीय यातायात को बेहतर क्षमता और गति मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य मुजफ्फरनगर शहर में प्रवेश और निकास करने वाले वाहनों के कारण वेहलना चौक के पास उत्पन्न होने वाली यातायात बाधाओं को दूर कर सुगम एवं निर्बाध यातायात प्रवाह सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से दिल्ली–उत्तराखंड कॉरिडोर पर यात्रा समय में कमी आएगी तथा माल परिवहन, तीर्थ एवं पर्यटन यातायात को विशेष लाभ प्राप्त होगा।

व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग और उधमशीलता विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री ने कहा कि परियोजना के अंतर्गत प्रमुख चौराहों पर ग्रेड-सेपरेटेड संरचनाओं का निर्माण, जंक्शनों का सुधार एवं आधुनिकीकरण, क्रॉस-ड्रेनेज संरचनाओं का चौड़ीकरण तथा सुरक्षित और कुशल आवागमन सुनिश्चित करने के लिए स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा। साथ ही यह परियोजना नियोजित शहरी विस्तार को प्रोत्साहित करते हुए रिबन डेवलपमेंट को भी बढ़ावा देगी। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना-संभावित स्थलों (ब्लैकस्पॉट) पर वाहन अंडरपास (VUP) का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और स्थानीय यातायात के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग उपलब्ध हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post