श्रीराम पॉलिटेक्निक के छात्रों ने किया फॉस्पी एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में औद्योगिक भ्रमण

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। श्रीराम पॉलिटेक्निक के कंप्यूटर साइंस एडं इंजी० विभाग के छात्रों का एक शैक्षणिक एवं तकनीकी औद्योगिक भ्रमण फॉस्पी एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को आईटी उद्योग की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीकी वातावरण तथा व्यावसायिक प्रक्रियाओं की प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। भ्रमण के दौरान फॉस्पी एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों द्वारा छात्रों को सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, आईटी सर्विसेज, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, नेटवर्किंग तथा उद्योग में उपयोग होने वाली नवीन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों ने कंपनी के विभिन्न तकनीकी विभागों का अवलोकन किया और वास्तविक कार्य वातावरण को नजदीक से समझा।

इस अवसर पर फॉस्पी एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड की एचआर एवं ऑपरेशन लीड कृणिका गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में कंप्यूटर साइंस के छात्रों के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यावसायिक समझ और टीमवर्क भी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे औद्योगिक भ्रमण छात्रों को उद्योग की वास्तविक चुनौतियों से परिचित कराते हैं। कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अखिल बंसल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आईटी इंडस्ट्री में करियर बनाने के लिए निरंतर सीखना, अनुशासन और व्यावहारिक अनुभव बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों को इंडस्ट्री-रेडी बनने के लिए तकनीकी दक्षता बढ़ाने की सलाह दी।

फॉस्पी एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर एंड मैनेजिंग डायरेक्टर अमन गुप्ता ने कहा कि युवाओं में नवाचार और तकनीकी सोच को बढ़ावा देना कंपनी का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने छात्रों को स्टार्ट-अप संस्कृति, उद्यमिता और भविष्य की तकनीकों के प्रति जागरूक किया। कंपनी के जनरल मेनेजर प्रोजेक्ट रजत शर्मा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि स्किल्स और प्रैक्टिकल नॉलेज ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

श्रीराम पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य डॉ. अश्वनी कुमार ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण छात्रों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान करता है, जिससे उनका समग्र विकास होता है और रोजगार की संभावनाएं सुदृढ़ होती है। कंप्यूटर साइंस एडं इंजी० विभाग के विभागाध्यक्ष नितिन गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं से परिचित कराते हैं। विभाग के प्रवक्ता नीतीश कुमार गोयल ने छात्रों को तकनीकी कौशल, प्रोफेशनल एटीट्यूड एवं निरंतर सीखने की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post