शि.वा.ब्यूरो, नई दिल्ली। केन्द्रीय निर्वाचन आयोग ने आज यहां भारत मंडपम में सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) के कार्यालयों के मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया, जिसमें तथ्यों को बताने और भ्रामक सूचनाओं का खंडन करने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में 51 मीडिया नोडल अधिकारियों (एमएनओ) और सोशल मीडिया नोडल अधिकारियों (एसएमएनओ) ने कार्यक्रम में भाग लिया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्तों डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ उद्घाटन सत्र में प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया गया कि गलत सूचना के बढ़ते खतरे के मद्देनजर, यह स्पष्ट रूप से बताना जरूरी है कि भारत में चुनाव संविधान के अनुसार ही होते हैं और भ्रामक सूचनाओं का तथ्यों के साथ सामना किया जाना चाहिए।
उप निदेशक पी. पवन ने बताया कि मीडिया और अन्य हितधारकों के साथ समय पर तथ्यात्मक जानकारी प्रसारित करने के लिए सीईओ कार्यालयों के संचार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने हेतु सत्र आयोजित किए गए। कार्यशाला में मीडिया और सोशल मीडिया के दृष्टिकोण से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण पर समर्पित सत्र आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि गलत सूचनाओं का मुकाबला करने के लिए विभिन्न उपकरणों, तकनीकों और रणनीतियों पर एक विशेषज्ञ सत्र भी आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि इससे पहले सीईओ कार्यालयों के मीडिया और संचार अधिकारियों के लिए आईआईआईडीईएम में 9 अप्रैल 2025 और 5 जून 2025 को नई दिल्ली में अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।


