गौरव सिंघल, देवबंद। श्री गीता प्रचार समिति की एक सभा गीता भवन जनकपुरी में आयोजित हुई। जिसमें समिति द्वारा गीता प्रचार समिति की सदस्य श्रीमती मंजू शर्मा को सरकार द्वारा देवबंद नगर पालिका में नामित सभासद बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनका पटका और श्री भगवान कृष्ण का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मंजू शर्मा को सम्मानित करते हुए समिति के अध्यक्ष अजय बंसल ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंजू शर्मा समिति की सदस्य हैं और यह हमारे लिए बड़े गौरव और सम्मान की बात है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इन्हें नगर पालिका का नामित सदस्य बनाया गया है। समिति उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल बिजली वालों ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री गीता प्रचार समिति की सदस्य श्रीमती मंजू शर्मा को नामित सभासद बनाए जाने पर महिला समाज में एक अच्छा संदेश गया है। इसके लिए वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धन्यवाद करते है।
मुख्य पुजारी आचार्य पंडित ललित तिवारी ने उन्हें अपना शुभ आशीर्वाद देते हुए कहा कि मंजू शर्मा एक ऐसी मातृशक्ति है जिनके हृदय में धार्मिक सेवा मानव सेवा एवं सर्व समाज सेवा का भाव है, ऐसी महिलाएं समाज में हमेशा उचित स्थान पाती है। हम परमपिता परमेश्वर से उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। श्रीमती मंजू शर्मा को सम्मानित करने वालों में समिति अध्यक्ष अजय बंसल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, सदस्य सुशील कर्णवाल, संजय मित्तल, देवी दयाल गर्ग, सुदेश शर्मा, गीता प्रचार समिति की महिला मंडल की सदस्य मीनू गर्ग, अनीता तायल समेत समिति के समस्त पदाधिकारी शामिल रहे। अध्यक्षता समिति अध्यक्ष अजय बंसल ने की और संचालन समिति उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने किया। सम्मान समारोह संयोजक सुधीर, सचिन ने सभी अतिथि गणों का आभार व्यक्त किया।
