गौरव सिंघल, सहारनपुर। थाना जनकपुरी क्षेत्र में मायके में रह रही विवाहित महिला 42 वर्षीय रमा ने फांसी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सहारनपुर जनपद के थाना जनकपुरी क्षेत्र के शांति नगर मोहल्ला निवासी एक विवाहित महिला ने फांसी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
उन्होंने बताया कि मृतका रमा पुत्री अनूप कुमार डेढ़ साल से यहीं पर अपने मायके में रह रही थी। उसकी वर्ष 2008 में नई दिल्ली के खानपुर निवासी सन्नी पुत्र विजयपाल के साथ शादी हुई थी। उसके दस वर्षीय बेटी अनुष्का, आठ वर्षीय पुत्र दिव्य और चार वर्षीय पुत्र वंश हैं। पुलिस के मुताबिक आत्महत्या के समय रमा घर पर अकेली थी। रमा ने चुनरी से फंदा बनाकर अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों द्वारा घर पर पहुंचने पर घटना की जानकारी मिली।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अविनाश गौतम मौके पर गए और महिला के शव को फांसी के फंदे से नीचे उतराकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस को घटना स्थल से कोई भी सुसाइट नोट बरामद नहीं हुआ है।आत्महत्या की प्रथम दृष्ट्या वजह मृतका का अपने पति से विवाद होना माना जा रहा है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल में लगी हुई है।
