अब सहारनपुर से होकर नहीं गुजरेगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा

गौरव सिंघल, सहारनपुर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज नगर में ना तो जनसमर्थन जुटा पाई और ना ही पूर्व निर्धारित मार्ग से होकर मंजिल तक पहुंच पाई। पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने जिले के कमजोर कांग्रेस संगठन को देखते हुए ऐलान कर दिया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब सहारनपुर से होकर नहीं गुजरेगी। 

सलमान खुर्शीद अचानक यहां पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर ऐलान कर दिया कि राहुल गांधी की यात्रा वेस्टर्न यूपी में अब गाजियाबाद, बागपत और शामली से होकर हरियाणा के लिए निकल जाएगी। इससे सहारनपुर जनपद के लोगों की राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने की इच्छा धरी रह गई। आज पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दिकी के नेतृत्व में नगर के खेमका सदन से दोपहर शुरू हुई कांग्रेसियों की पदयात्रा भी समर्थन नहीं जुटा पाई। 

आज की यात्रा को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीन विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरना था और पच्चीस किलोमीटर की दूरी तय कर नागल में यह यात्रा समाप्त होनी थी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली तोमर ने बताया कि जिला प्रशासन ने कांग्रेस की पदयात्रा को निकलने की अनुमति देर रात तक भी नहीं दी थी। जिला प्रशासन ने सुबह 10-11 बजे अनुमति तो दी लेकिन यात्रा का मार्ग बहुत छोटा कर नगर के विश्वकर्मा चौक तक ही जाने की अनुमति दी। 

दरअसल जिले के दिग्गज मुस्लिम नेता इमरान मसूद के कांग्रेस छोड़ जाने के बाद इस जिले में कांग्रेस की हालत दयनीय हो गई है। पार्टी आलाकमान ने इस मुस्लिम बहुल इलाके में कांग्रेस को मजबूत करने की जिम्मेदारी पूर्व बसपाई और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दिकी को दी है। वह एक दिन पूर्व ही सहारनपुर आ गए थे लेकिन ना तो वे पार्टी कार्यकत्र्ताओं में जोश भर पाए और ना ही लोगों का समर्थन ही जुटा पाए। शायद इसी वजह से राहुल गांधी सहारनपुर से किनारा कर गए। 

आज की पदयात्रा में कांग्रेस के प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, प्रदेश महासचिव संजीव शर्मा, सचिव गौरव भाटी, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, गणेश दत्त शर्मा, नगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, उमा भूषण, धर्मवीर जैन, रामनरेश शर्मा समेत कुछ सौ लोग ही यात्रा में जुट पाए। यात्रा की समाप्ति पर नसीमुद्दीन सिद्दिकी ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा का उद्देश्य में लोगों में आपसी भाईचाराप्रेमसद्भाव आदि स्थापित करना हैं। अन्य वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार देश के संवैधानिक ढांचे को नुकसान पहुंचाने में लगी हुई है। लोकतंत्र, बोलने और लिखने की स्वतंत्रता सीमित की जा रही है। महंगाई और बेरोजगारी से लोग और युवा त्रस्त हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post