शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक वानिकी प्रभाग के अंतर्गत गंग नहर कांवड़ मार्ग पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि रहे। मुख्य अतिथि ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन के आधार हैं। उन्होंने कहा कि वे न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक दायित्व के रूप में स्वीकार करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक अभिनव राज ने भी पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का आह्वान किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी गीतेश चंद्रा, सहायक अभियंता संतोष कुमार यादव, क्षेत्रीय वन अधिकारी आदित्य सोनकर, दीपांजलि शर्मा, वन दरोगा सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

