शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। सामाजिक वानिकी प्रभाग के तत्वाधान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल रहे। कपिल देव अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण किया तथा सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने हेतु प्रेरित किया। इसके साथ ही कपिल देव अग्रवाल ने उनके संरक्षण का संदेश भी दिया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन एवं प्रभागीय निदेशक अभिनव राज के मार्गदर्शन में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम में स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पीआर पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगोली बनाकर तथा बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने लोगों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।
प्रभागीय निदेशक अभिनव राज ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।उन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की आवश्यकता पर भी बल दिया। कार्यक्रम में रेंज अधिकारी आदित्य सोनकर, जिला परियोजना अधिकारी हर्ष कुमार, दीपांजलि शर्मा, डॉ. राजीव कुमार सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी व विद्यार्थी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के संकल्प के साथ किया गया।


