बीबीए प्रथम सेमेस्टर परीक्षा परिणाम घोषित, एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में स्पर्श चैधरी ने किया टाॅप

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। बीबीए प्रथम सेमेस्टर परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपरांत विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धियों पर एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल एवं बीबीए विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह ने किया। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल ने कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास एवं जीवन में सफलता प्राप्त करने का आधार है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों को अनुशासन, समय प्रबंधन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने एवं अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। बीबीए विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन शिक्षा विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज एवं देश के विकास में करने के लिए प्रेरित किया। 

परीक्षा परिणाम के अनुसार स्पर्श चैधरी ने 81.29 प्रतिशत अंक प्राप्त करके प्रथम, मानस्वी त्यागी ने 80.86 प्रतिशत अंक प्राप्त करके द्वितीय तथा श्रुति पुंडीर ने 79.71 प्रतिशत अंक प्राप्त करके तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कॉलेज का सकारात्मक वातावरण एवं शिक्षकों का निरंतर सहयोग उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। 

कार्यक्रम में डॉ. संगीता गुप्ता, दीपक गर्ग, मोहम्मद अंजर, संजय शर्मा, सोनिका, पूर्वी, प्राची, रोहन त्यागी, प्रशांत गुप्ता, विनीता चौधरी, सतीश, अमित, पवन बलियान एवं लवी वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post