शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरूद्ध प्रताप सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर के सभागार में जनगणना 2027 के कार्यो मे गति लाने के संबंध में संबंधित सुपरवाइजरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने जनगणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं एवं नीतियों का निर्माण किया जाता है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ करें।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जनगणना के कार्यो मे रूचि न लेते हुए लापरवाही करने वाले कार्मिको के प्रति कडी नाराजगी व्यक्त की तथा अपने कार्य मे सुधार न लाने पर कार्मिको के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने तथा जनगणना कार्य को सुचारु एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने हेतु समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में जनगणना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर उपस्थित अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों द्वारा अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए गए। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी, तहसील प्रशासन के अधिकारी एवं जनगणना कार्य से जुड़े सुपरवाइजर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

