शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज जनपद में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोकरहेडी , प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ककरौली का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण, जांच सुविधाओं, मरीजों के पंजीकरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में आने वाले सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जन-जन तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

