रिश्वत लेते पुलिस उपनिरीक्षक गिरफ्तार

गौरव सिंघल, सहारनपुर। एंटी करप्शन विभाग के निरीक्षक कुशलवीर सिंह की अगुवाई में भ्रष्टाचार निवारण दस्ते ने आज  तीतरो थाने के उपनिरीक्षक और आसफगढ़ पपड़ी चौकी प्रभारी देशपाल सिंह को गांव निवासी मुकेश कुमार से 10 हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गांव आसफगढ़ पपड़ी के प्रधान संजीव कुमार ने गांव निवासी मुकेश कुमार के खिलाफ कूड़ा ढोने की रेहड़ी चोरी करने की तहरीर दी थी। इस मामले में पुलिस उपनिरीक्षक देशपाल सिंह 10 हजार रूपए रिश्वत की मांग कर रहा था। मुकेश कुमार ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण विभाग से की। 

विभाग के निरीक्षक कुशलवीर सिंह आज दोपहर तीतरो पहुंचे और थाने के बाहर एक चाय की दुकान पर बैठ गए। उन्होंने रंगीन पाउडर लगाकर 10 हजार रूपए मुकेश को थमाए और मुकेश ने वही रूपए पुलिस उपनिरीक्षक देशपाल सिंह को थाने से बाहर बुलाकर 10 हजार थमा दिए। मौके पर मौजूद भ्रष्टाचार निवारण दस्ते ने पुलिस उपनिरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मुकदमा थाना नानौता में दर्ज कराया गया है। भ्रष्टाचार निवारण टीम मेडिकल आदि कराने के लिए दरोगा देशपाल को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post