गौरव सिंघल, सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सहारनपुर जनपद भ्रमण के दौरान बाबा भूरा देव मंदिर एवं माँ शाकम्भरी देवी मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर स्थलीय निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होने माँ शाकम्भरी देवी खोल में अचानक जलप्रवाह के कारण हुई दुर्घटना के संबंध में बैठक की। मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतिकरण किया। पुलिस व्यवस्थाओं के दृष्टिगत पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन द्वारा जानकारी दी गयी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलिवेटेड रोड के निर्माण की प्रगति को जाना। उन्होंने निर्देश दिए कि अतिरिक्त श्रमिक लगाकर शारदीय नवरात्रि तक इसको पूर्ण करने का प्रयास किया जाए नहीं तो दिसंबर माह तक प्रत्येक दिशा में इसको अवश्य पूरा कर लिया जाए। इसके निर्माण में समयबद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। जब तक पुल निर्माणाधीन है तक आम जनों के सुविधा के दृष्टिगत खोल के अंदर से आवागमन के लिए एक वैकल्पिक योजना बनाई जाए तथा चैनलाईज किया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि पार्किंग व्यवस्था को भूरा देव मंदिर के समीप उचित स्थान पर बनाया जाए। खोल में जल भराव होने की अवस्था में आम जनों को सुरक्षित रखने के दृष्टिगत खोल के दोनों तरफ बोल्डर का प्रयोग किया जाए। आपदा की स्थिति में समय से अलर्ट हो तथा आपदा में हानि होने की स्थिति में इसकी सूचना शासन को यथाशीघ्र दी जाए जिससे कि समय रहते उच्च स्तर पर राहत कार्य किए जा सके। उन्होंने कहा कि आपदा मनुष्य के नियंत्रण में नहीं होती लेकिन तकनीक का प्रयोग कर जन हानि तथा धन हानि को कम किया जा सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अचानक बाढ़ आने से हुई जनहानि एवं धनहानि की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने दुकानदारों के हुए आर्थिक नुकसान का परीक्षण कराकर नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी ने आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु यथासंभव व्यवस्थाएं की जाए जिससे कोई भी श्रद्धालु बिना दर्शन किए न रहे। इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि जनहानि होने पर संबंधित के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।


