अपर जिलाधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने की जूम एप के माध्यम से जनगणना कार्यों की समीक्षा, 3 दिन में प्रगति सुधारने के निर्देश

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व निरुद्ध प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आज जूम एप के माध्यम से 'जनगणना के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण कार्यों के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने मकान सूचीकरण कार्यों की वर्तमान स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कुछ क्षेत्रों में कार्य की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि अगले तीन दिनों के भीतर मकान सूचीकरण कार्यों की प्रगति को अनिवार्य रूप से बढ़ाया जाए। उन्होंने सभी को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर कार्य को समय से और त्रुटिहीन ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी अपने अपने क्षेत्र में निरीक्षण कर मकान सूचीकरण कार्यों की प्रगति को अवश्य देखते रहें और लक्ष्य को पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिन अधिकारियों के क्षेत्र की प्रगति कम या असंतोषजनक पाई जाएगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वर्चुअल समीक्षा बैठक में जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त तहसीलदार, समस्त अधिशासी अधिकारी (चार्ज अधिकारी), जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा समस्त खंड शिक्षा अधिकारी मुख्य रूप से जुड़े रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post