शि.वा.ब्यूरो, खतौली। पिछले एक पखवाड़े से हाईटेंशन विद्युत लाइन का क्षतिग्रस्त विद्युत पोल जानलेवा साबित हो रहा है। लोगों की जानमाल की सुरक्षा हेतु आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कुलदीप तोमर ने जनहित में इस समस्यात्मक मुद्दे को संपूर्ण समाधान दिवस में उठाया।
कुलदीप तोमर ने शिकायत का एक आवेदन संपूर्ण समाधान दिवस अधिकारी को देते हुए बताया कि किसी माल वाहक वाहन ने शिव मंदिर रोड़ पर 11000 की हाईटेंशन विद्युत लाइन के सीमेंट के खंभे को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिसे ठीक करने हेतु विद्युत विभाग ने इतनी लापरवाही से कार्य कराया कि नगरपालिका की पेयजल पाइपलाइन तोड़ दी, जिसे ठीक करने के लिए पालिका के जल आपूर्ति विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि पेयजल आपूर्ति तो सुचारू हो गई लेकिन खुदा पड़ा गड्ढा और मलबा राहगीरों को परेशान कर रहा है। उन्होंने बताया कि विद्युत पोल 15 दिनों में भी ठीक नहीं होना विभागीय लापरवाही और अधिकारियों की उदासीनता को उजागर करता है। उन्होंने बताया कि 11000 की हाईटेंशन लाइन का क्षतिग्रस्त खंभा स्थानीय निवासियों के लिए जानलेवा भी हो सकता है। इस मामले में शिकायतकर्ता कुलदीप तोमर ने उपजिलाधिकारी से विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को तलब कराया और समस्या के अतिशीघ्र समाधान की मांग की है।
