डीएम अरविंद चौहान ने माँ शाकम्भरी मार्ग निर्माण में तेजी लाने को निर्देश दिए

शि.वा.ब्यूरो, सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने भूरादेव मन्दिर से माँ शाकम्भरी देवी मन्दिर तक बन रहे सेतु, पहुँच मार्ग एवं सुरक्षात्मक निर्माण कार्यों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त मैन-पॉवर और आधुनिक मशीनरी लगाकर कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी स्वयं पहाड़ी नदी क्षेत्र तक पहुंचे और सेतु निर्माण में हो रहे वेल फाउंडेशन कार्य की तकनीकी जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करें, ताकि कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई न हो। उन्होंने कहा कि माँ शाकम्भरी देवी धाम प्रदेश की प्रमुख आस्था स्थली है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम मार्ग उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर सुधीर भारद्वाज सहित संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post