हवलेश कुमार पटेल, मुजफ्फरनगर। शिक्षा वाहिनी से विशेष भेटवार्ता में दवा व्यापारियों के संगठन मुजफ्फरनगर ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष व भाजपा नेता ठाकुर सुभाष चौहान ने जनपद के प्रदूषण मुद्दे पर दो टूक कहा कि जनपद में बढ़ रहे प्रदूषण के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अफसर जिम्मेदार हैं। एक प्रश्न के जवाब में सुभाष चौहान ने कहा कि मुजफ्फरनगर में प्रदूषण अभी कम नहीं हुआ है, लेकिन ये जरूर है कि शोर कुछ थम सा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण में सुधार के लिए आंदोलन करना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण का मुद्दा उठाने वाले लोग कमजोर नहीं है, वे दमदार लोग हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी और अध्ययन करेंगे। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि हो सकता है कि उद्योगपति अपनी कार्यशैली में कुछ सुधार कर रहे हों, हो सकता है कुछ सुधार हुआ भी हो।
उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से लोगों को प्रदूषण मुक्त वातावरण में सांस लेना उनका मौलिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए इंडस्ट्री का होना भी जरूरी है, लेकिन सभी मानकों को पूरा किया जाना चाहिए और प्रदूषण सहित अन्य सभी मानकों का पालन कराना विभागीय अधिकारियों के दायित्व है।
