प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन में उमड़ी भारी भीड़, पीएम मोदी ने जय मां डाट काली मंदिर में की पूजा-अर्चना

गौरव सिंघल, सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज सहारनपुर में ऐतिहासिक और भव्य एवं गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। वह आज प्रातः दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करने सहारनपुर के गणेशपुर-मनोहरपुर में सभा स्थल के पास बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकाप्टर से उतरे। जहां उनकी अगुवानी प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, जिला अध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने किया। हेलीपैड पर एडीजे मेरठ जोन मनु भास्कर, सहारनपुर के कमिश्नर डा. रूपेश कुमार, डीएम मनीष बंसल, डीआईजी अभिषेक सिंह, एसएसपी अभिनंदन सिंह, सीडीओ सुमित राजेश महाजन आदि भाजपा के जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार की अगली खिड़की पर खड़े होकर वाइल्ड लाइफ कोरीडोर मार्ग पर उनके स्वागत को उमड़ी भीड़ का अभिवादन स्वीकार किया। युवतियां स्थानीय लोक गीतों के जरिए प्रधानमंत्री का स्तुति गान कर रही थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कोरीडोर पर कार से उतरकर दूरबीन के जरिए वन्य जीवों के दीदार किए। उन्होंने एनएचएआई के अफसरों के साथ वन्य जीव गलियारे की समीक्षा की। इस दौरान केंद्रीय सड़क मार्ग एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी मौजूद रहे।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस एक्सप्रेस-वे की सुरंग के प्रवेश द्वार पर बनी जय मां डाट काली मंदिर में भक्तिभाव के साथ पूजा अर्चना की, देवी दर्शन किए। उन्होंने वहां मौजूद युवतियों और छात्राओं के साथ भजन गायन में सहभागिता की। देवी मंदिर में मंदिर के पुजारियों ने नरेंद्र मोदी का  मंत्रोच्चार के साथ स्वागत किया और विधि-विधान के साथ पूजा कराई। प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर में अकेले पूजा-अर्चना की। उस दौरान अन्य शीर्ष नेता मंदिर के आसपास उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लगातार तालियां बजाकर प्रधानमंत्री का अभिनंदन करते हुए दिखाई दिए। प्रधानमंत्री मोदी के काफिले पर जनता की ओर से जबरदस्त पुष्प वर्षा कर हार्दिक स्वागत किया गया। जय मां डाट काली मंदिर से प्रधानमंत्री इस महत्वकांक्षी परियोजना का लोकार्पण करने देहरादून पहुंचे। इसके साथ ही डाट काली मंदिर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी सहयोगी मंत्रियों और भाजपा नेताओं के साथ वापस गणेशपुर-मनोहरपुर सभा स्थल पर पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब एक घंटे सहारनपुर जनपद में रहे। जहां उनका बहुत ही गर्मजोशी के साथ ऐतिहासिक स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे मानव श्रृंखला बनाकर प्रधानमंत्री का स्वागत कर रहे थे। डाट काली मंदिर से देहरादून जाने के दौरान भी वहां प्रधानमंत्री का सड़क के दोनों किनारों पर खड़े उत्साही लोगों ने भावभीनी स्वागत किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post