डेयरी संचालक को बंधक बनाकर सात भैंसें चोरी

गौरव सिंघल, तल्हेडी बुजुर्ग। बस स्टैंड रोड स्थित डेयरी फार्म में बीती रात चोरों ने पिता-पुत्र को तमंचे से आतंकित करते हुए बंधक बना लिया। इसके बाद चोर डेयरी फार्म से सात दुधारू भैंस चोरी कर फरार हो गए। डेयरी संचालक अनीस ने बताया कि वह हर रोज की तरह बीती रात में भी काम खत्म करने के बाद अपने पुत्र के साथ डेयरी में बने कमरे में सोने चला गया। देर रात करीब डेढ बजे उन्हें कमरे के बाहर कुछ आहट सुनाई पड़ी। जैसे ही वह बाहर निकलकर देखने लगे तो वहां घुसे चोरों ने उन्हें पकड़ लिया। 

आरोप है कि चोरों ने तमंचे से आतंकित करते हुए उनके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और दोनों को कमरें मे बंद कर दिया। पीड़ित अनीस ने बताया कि इसके बाद चोर डेयरी फार्म में बंधी सात दुधारू भैंसों को चोरी कर फरार हो गए। चोरी हुई भैंसों की कीमत  लाखों रुपए बताई जा रही है। इतना ही नहीं चोर वहां से एक साइकिल, कमीज की जेब में रखी छह हजार की नकदी और मोबाइल भी साथ ले गए। चोरों के जाने के बाद वे किसी तरह बंधन मुक्त होकर कमरे के बाहर निकले और गांव जाकर ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post