तहसील आपके द्वार कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने सुनी जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

शि.वा.ब्यूरो, पुरकाजी। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अनिल कुमार की अध्यक्षता में आज विकासखंड कार्यालय में आयोजित तहसील आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की विभिन्न जनसमस्याओं को सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग, विद्युत विभाग, राशन कार्ड से संबंधित प्रकरण, जिला प्रोबेशन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि जनसमस्याओं को किसी भी स्तर पर लंबित न रखा जाए तथा उनका निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। 



उन्होंने कहा कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।

इस अवसर पर एसडीएम प्रवीण द्विवेदी, सीओ डॉ. रविशंकर मिश्रा तथा तहसीलदार राधेश्याम गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post