नगर पालिका परिषद में भव्य कार्यक्रम आयोजित, जनपद के कुल 105 लाभार्थियों के खातों में 1-1 लाख रुपये की प्रथम किस्त अंतरित की

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आज प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत  प्रदेश भर के लगभग 90 हजार लाभार्थियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रथम किस्त की धनराशि एक लाख रुपये बैंक खाते में अंतरित  की गई। जनपद के कुल 105 लाभार्थियों को भी 1-1 लाख रुपये की प्रथम किस्त उनके खातों में  अंतरित की गई। सभागार में लखनऊ से कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डा० वीरपाल निर्वाल व बतौर विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। कार्यक्रम का आयोजन अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह व नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर के मार्गदर्शन में हुआ।

बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डा० वीरपाल निर्वाल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का शुभारंभ 17 जून 2015 को किया गया था, जिसके अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए भारत सरकार द्वारा कुल 2.50 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया जाता है। इसमें प्रथम किस्त 1 लाख रुपये, द्वितीय किस्त 1 लाख रुपये तथा तृतीय किस्त 50 हजार रुपये दी जाती है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत जनपद मुजफ्फरनगर में अब तक 21,107 आवासों का निर्माण पूर्ण कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का शुभारंभ 1 सितंबर 2024 को किया गया। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अब तक जनपद में 16,800 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से 1,516 लाभार्थियों को पहले ही 1 लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि आज जारी की गई धनराशि में मुजफ्फरनगर नगर क्षेत्र के 21, चरथावल के 66, खतौली के 15 तथा मीरापुर के 3 लाभार्थी शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post