गौरव सिंघल, देवबंद। श्री रामनवमी शोभायात्रा आयोजन समिति व संस्कार भारती जिला सहारनपुर के संयुक्त तत्वाधान में शोभायात्रा में विभिन्न पात्रों के रूप में अपना सहयोग देने वाले राम भक्त बालकों को समिति की ओर से एक कार्यक्रम में पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश चंद्र शर्मा ने की। कुशल संचालन एड० स्तुति शर्मा ने किया। समिति के संस्थापक अध्यक्ष लोकेश वत्स ने उन विभिन्न स्वरूप के सभी बालकों की भूरी- भूरी प्रशंसा की, उन्होंने कहा जिस प्रकार से धैर्य पूर्वक लंबे समय तक एक ही मुद्रा में बैठकर के उन्होंने प्रभु नाम का जाप किया व अपने स्वरूपों के माध्यम से समाज में भारतीय संस्कृति का संदेश दिया वह सराहनीय है। उन्होंने कहा भारतीय संस्कृति सर्वे भवंतु सुखिन: के सिद्धांत को मानती है, यह भाव रखने वाली संस्कृति विश्व में सर्वश्रेष्ठ है। हमने पारिवारिक मूल्यों का महत्व समझा और विश्व को समझाया है,भारतीय पारिवारिक व्यवस्था विश्व में सर्वश्रेष्ठ है। संयुक्त परिवार में अनेकों तनाव कठिनाइयां स्वत: दूर हो जाते हैं। हमारी संस्कृति पेड़ पौधों की पूजा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश पूर्व से ही देती आ रही है जो की आवश्यक है। उन्होंने कहा हम सबको अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए अधिकार की चिंता नहीं जो कर्तव्य करता है उसको अधिकार स्वंय मिल जाते हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नायब तहसीलदार मोनिका चौहान ने नन्हें-नन्हें स्वरूपों को सन्मार्ग पर चलने राष्ट्र के प्रति प्रेम भाव रखने, परिश्रम से पढ़ने व अपने कर्तव्यों का पूरी लगन से पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी स्वरूपों को समिति की ओर से पुरस्कार प्रदान किया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले राम भक्तों में इशिका, आर्यवीर, नमामि, देवांश, अर्श, भरत, अवनी, आराध्या, पार्थ, लविश, सुनिधि, अवनी शर्मा, नव्या, खुशी, निधि, गार्गी, विभा, आदित्य, पूर्वी, सुदीक्षा, अनोखी, रिया, कार्तिक, विकांशी, पायल आदि रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से कौशिकी शर्मा, सीमा रानी, शालिनी गोयल, नीरज, दीपिका, ललतेश, वीणा राणा आदि उपस्थित रहे।
भक्त बालकों को श्री रामनवमी शोभायात्रा आयोजन समिति व संस्कार भारती ने किया पुरस्कृत
byHavlesh Kumar Patel
-
0
