सड़क हादसे में एक युवक की मौत, दो घायल

गौरव सिंघल, सहारनपुर। जनपद के नकुड़-गंगोह रोड पर तीन बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है और मामले की जांच की जा रही है। सहारनपुर जनपद के नकुड़ गंगोह रोड पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गांव भगवानपुर के पास उस समय हुआ जब तीन बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। पुलिस घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

नकुड़ के मोहल्ला बंजारान निवासी आदिल एसी और फ्रीज ठीक करने का काम करता था। आज सुबह करीब दस बजे वह अपनी बाइक से गांव कुराली में किसी का फ्रीज ठीक करने के लिए जा रहा था। उसी समय उसके पीछे एक अन्य बाइक पर गांव लतीफपुर निवासी संदीप कुमार और साहबामाजरा निवासी सोनू किसी काम से गंगोह जा रहे थे। बताया गया कि जैसे ही आदिल की बाइक गांव भगवानपुर कुराली के पास पहुंची तो सामने से आ रही एक बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे आ रही बाइक भी इन दोनों बाइकों से टकरा गई और तीनों बाइकें सड़क पर गिर गई।

हादसे में आदिल के सिर में गंभीर चोट लग गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सोनू और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि दुर्घटना के बाद तीसरी बाइक पर सवार व्यक्ति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को नकुड़ सीएचसी लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने आदिल को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल युवकों का उपचार किया जा रहा है। आदिल चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में दस वर्ष का एक बेटा और सात साल के जुड़वा बच्चे एक लड़का और एक लड़की हैं। आदिल नकुड़ में एसी और फ्रीज रिपेयरिंग की दुकान चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। हादसे की खबर मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लोगों की भीड़ लग गई और परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post