शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। श्री राम कॉलेज ऑफ फार्मेसी के छात्र-छात्राओं ने औषधि निर्माण कंपनी डेनमार्क फार्मास्यूटिकल रुड़की मे शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण किया। संस्थान के निदेशक डॉ. गिरेन्द्र कुमार गौतम इस औद्योगिक भ्रमण को हरी झंडी दिखाकर विदा करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं, इससे उन्हें उद्योगों में होने वाली वास्तविक कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीकों तथा उत्पादन प्रक्रियाओं की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं, अपने ज्ञान को व्यावहारिक रूप दें तथा भविष्य में फार्मास्युटिकल क्षेत्र में उत्कृष्ट करियर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।
भ्रमण के दौरान कंपनी के विशेषज्ञों द्वारा छात्रों का स्वागत किया गया तथा उन्हें कंपनी के विभिन्न विभागोंकृजैसे प्रोडक्शन यूनिट, क्वालिटी कंट्रोल लैब और पैकेजिंग सेक्शनकृका विस्तृत अवलोकन कराया गया। विद्यार्थियों को दवा निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया जैसे कच्चे माल का चयन, ग्रैनुलेशन, टैबलेट निर्माण, कोटिंग, कैप्सूल फिलिंग, पैकेजिंग एवं स्टोरेज के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अच्छी उत्पादन कार्य प्रणाली के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि ये मानक औषधि निर्माण और परीक्षण की गुणवत्ता, सुरक्षा तथा प्रभावशीलता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, आधुनिक मशीनों एवं स्वचालित उत्पादन प्रणालियों की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान भी दिया गया।
औद्योगिक भ्रमण में इशिका सोनी, आस्था शर्मा, श्रेया शर्मा, हर्दिका, हंस, जतिन राणा, अमन सैनी, अभिषेक, लव राणा, विजय राणा, वाशु बालियान आदि छात्रो ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। औद्योगिक भ्रमण का संचालन शिक्षक शक्ति सिंह एवं संध्या ने किया।


