गौरव सिंघल, सहारनपुर। आबकारी विभाग ने पिलखनी डिस्टलरी में शराब घोटाले को लेकर थाना सरसावा में तत्कालीन निदेशक अमरदीप सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त अवधेश कुमार ने बताया कि 30 अगस्त 2019 को इस डिस्टलरी का निरीक्षण किया गया था जिसमें 773.70 क्विंटल सीरा कम पाया गया था। इस सीरे से 9152 लीटर इथाइल एल्कोहल बनाया जा सकता था और तब के अनुसार 912 रूपए प्रति लीटर की दर से 83.46 लाख रूपए के राजस्व की हानि आंकी गई थी। इसके अलावा भी कई अनियमितताएं पाई गई थीं।
अब इस मामले में सहायक आबकारी आयुक्त अवधेश कुमार वर्मा ने थाना सरसावा में तब के निदेशक अमरदीप सिंह, प्रबंधक अब्दुल्ला सिद्दिकी, क्वालिटी कंट्रोलर एमपी सिंह, वेयर हाउस एक्जीक्यूटिव सुनील कुमार, वेयर हाउस अधिकारी राहुल शर्मा, वेयर हाउस एक्जीक्यूटिव प्रदीप शर्मा, विनोद कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।