मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सिलाजुडी का निरीक्षण

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सिलाजुडी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, प्रसूति कक्ष, टीकाकरण कक्ष, औषधि वितरण कक्ष, पैथोलॉजी लैब एवं अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध दवाओं की स्थिति, उपकरणों की कार्यशीलता, साफ-सफाई व्यवस्था तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर  सिलाजुडी में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, एनसीडी (गैर संचारी रोग) स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत दी जा रही सेवाओं का भी अवलोकन किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, मरीजों के साथ संवेदनशील एवं  सकारात्मक व्यवहार रखा जाए तथा सभी अभिलेख अद्यतन रखें। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर करने तथा शासन की मंशानुसार स्वास्थ्य योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। डॉ. सुनील तेवतिया ने स्पष्ट किया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post