राजकीय इण्टर काॅलेज में अंध विश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

गौरव सिंघल, सहारनपुर। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित जिला विज्ञान क्लब के तत्वाधान में राजकीय इण्टर काॅलेज में अंध विश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन निमंत्रित विशेषज्ञों रोहिणी स्नेह रोशनी शिक्षा एवं सामाजिक संस्था गाजियाबाद जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ0 अरविन्द कुमार पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय हर्ष देव स्वामी, समन्वयक अम्बरीश कुमार, सह समन्वयक संचिन त्यागी ने संयुक्त रूप सम माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख पुष्प अर्पण और दीप प्रज्ववलित कर किया। 

जिला समन्वयक अम्बरीश कुमार ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा आवंटित कार्यक्रम के बारे मे विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि जिला विज्ञान क्लब द्वारा आयोजित अंध विश्वास के विरुद्ध विज्ञान समाज के लिए मील का पत्थर साबित होगा। विज्ञान ही समाज में फैले अंध विश्वास को प्रयोग के माध्यम से जागरूकता फैलाकर समाप्त कर सकता है। विज्ञान लोकप्रिय कार्यक्रम के अंतर्गत सामान्य जनमानस में विज्ञान के प्रति अभिरुचि उत्पन्न करने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, वैज्ञानिक ढंग से कार्य व्यव्हार अपनाने, समाज में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के बेहतर ढंग से उपयोग को सुनिश्चित कराने इत्यादि से सम्बंधित विज्ञान जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ रोहिणी ने सिर पर आग लगाकर चाय बनाना, बिना माचिस के ग्लिसरीन रूपी घी से अग्नि प्रज्ज्वलित करना, जीभ पर कपूर जलाना, लोटे में बार-बार जल आना, बोतल का रस्सी को पकड़ लेना, चावल भर लोटे को चाकू से उठाना, खाली झोले से कागज को नोट और वस्तुओं को डबल मे बदलना, चुने से हाथ लाल होना, हाथ हिला कर नोट निकालना, जैसे 45 अंध विश्वासो को प्रयोगों के माध्यम से समाज में व्याप्त आडम्बरों एवं कुरुतियों का भंडाफोड़ किया।

कार्यक्रम में विज्ञान शपथ, चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों सहित कुल 342 प्रतभागियों ने प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों द्वारा अन्ध विश्वास पर विश्वास न करने तथा इनके पीछे के विज्ञान को समझने का प्रयास करने पर बल दिया। वस्तुओं की शुद्धता का मापन, ब्रह्माण्ड व उपग्रह की गति के सिद्धांतो की व्याख्या की। विद्यार्थी को हमेशा उत्साही प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित रहना चाहिए, तभी अंध विश्वास समाप्त होगा। वाद-विवाद प्रतियोगिता में राजकीय इण्टर काॅलेज, कमेला रोड़ की छात्राओं जरीन एव अरीशा ने प्रथम स्थान, राजकीय हाई स्कूल घाटेड़ा के छात्र अनुराग पंवार एवं सागर ने द्वितीय स्थान तथा जे.बी.एस. हिन्दू कन्या इण्टर काॅलेज की छात्राओं जैनम एवं इरम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में लव्या धीमान ने प्रथम, बिसमा ने द्वितीय तथा कामिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में जनता इण्टर काॅलेज झबीरन की छात्रा अक्षिता पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ अरविन्द कुमार पाठक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय हर्षदेव स्वामी द्वारा संयुक्त रूप से स्मृति-चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन राजकीय इण्टर कालेज की शिक्षिका करूणा कालरा द्वारा किया गया तथा राजकीय हाई स्कूल पुण्डैन के शिक्षक सचिन त्यागी एवं राजकीय कन्या इण्टर कालेज की शिक्षिका अंजा कश्यप द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post