मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश महताब गिरफ्तार, साथी फरार

गौरव सिंघल, सहारनपुर। जनपद की देहात कोतवाली पुलिस की बाइक सवार दो बदमाशों से देवला से सरकड़ी खुमार जाने वाले मार्ग पर मुठभेड़ हो गई। जिसमें 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश महताब पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी जंगल की ओर भाग निकला। गिरफ्तार बदमाश महताब हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या और नकबजनी सहित 15 से अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं। महताब का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगी हुई है। 

जनपद की देहात कोतवाली पुलिस देवला से सरकड़ी खुमार मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को आते देखा। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों युवक बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया। पीछा करने के दौरान, एक बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी जंगल की ओर भाग निकला।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महताब निवासी ग्राम सलेमपुर भुकड़ी, देहात कोतवाली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महताब लंबे समय से वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसका आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है और वह कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। पुलिस ने महताब के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस के साथ-साथ एक बाइक भी बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पकड़ा गया बदमाश हिस्ट्रीशीटर है और जिले में कई वारदातों में उनकी संलिप्तता सामने आई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post