गौरव सिंघल, बड़गांव। जनपद के कस्बा बड़गांव स्थित देवबंद-नानौता मार्ग पर बड़गांव पैट्रोल पंप के पास एक बाग में बने 20 फीट गहरे ट्यूबवेल के गड्ढे में अचानक तीन कुत्ते गिर गए। राहगीर की सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने गड्ढे में उतरकर मानवता की मिसाल पेश करते हुए दो कुत्तों की जान बचाई जबकि एक कुत्ते की मौत हो गई। पीआरवी पुलिस ने मृत कुत्ते को गढ्ढा खोदकर मिट्टी में दबा दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव भटपुरा निवासी कपिल पुत्र मिठ्ठन ने बताया कि वह कस्बा बड़गांव से सामान लेकर घर लौट रहा था जैसे ही वह देवबंद-नानौता मार्ग पर बड़गांव पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो सड़क किनारे खेत में बने 20 फीट ट्यूबवेल के गहरे गड्ढे से कुत्तों के रोने की आवाज सुनाई दी। गड्ढे के पास जाकर देखा तो गड्ढे में तीन कुत्ते फंसे हुए थे। जिसकी सूचना युवक ने डायल 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस के सिपाही पुष्पेंद्र ने गहरे गड्ढे में नीचे उतरकर दो कुत्तों को बाहर निकलते हुए जान बचाई जबकि एक कुत्ते की गड्ढे के अंदर ही मौत हो गई। मृतक कुत्ते को गड्ढे से बाहर निकाल कर मिट्टी में दबाया। पुलिस के इस कार्य की क्षेत्र में चारों ओर प्रशंसा हो रही है।
