
शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के IQAC सेल के अंतर्गत इन्फोटेनमेंट क्लब के तत्वाधान में यूनियन बजट 2026 विषय पर एक शैक्षिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट देश की आर्थिक दिशा और विकास की गति को निर्धारित करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बजट की बारीकियों को समझने तथा उसे व्यावहारिक जीवन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
बीबीए विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह ने कहा कि यूनियन बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि यह देश की आर्थिक नीतियों, सामाजिक प्राथमिकताओं और विकास योजनाओं का समग्र खाका प्रस्तुत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे बजट के विभिन्न प्रावधानों का विश्लेषण करें और उसके दूरगामी प्रभावों को समझें।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक संजय शर्मा ने यूनियन बजट 2026 विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से बजट के विभिन्न पहलुओं जैसे कर नीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, रोजगार, आधारभूत संरचना तथा डिजिटल अर्थव्यवस्था आदि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सरल एवं प्रभावी भाषा में विद्यार्थियों को समझाया कि बजट में किए गए प्रावधान किस प्रकार देश की आर्थिक वृद्धि, निवेश, रोजगार सृजन तथा सामाजिक कल्याण योजनाओं को प्रभावित करते हैं।
संजय शर्मा ने बताया कि इस वर्ष के बजट में युवाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार को प्रोत्साहन, स्टार्टअप्स के लिए वित्तीय सहायता, तथा लघु एवं मध्यम उद्योगों के सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नई उद्यमशीलता को बढ़ावा देना, रोजगार के अवसरों का सृजन करना तथा डिजिटल तकनीकों के माध्यम से आर्थिक पारदर्शिता और दक्षता को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष कर में किए गए परिवर्तनों का प्रभाव सीधे आम नागरिक की आय, बचत, उपभोग और जीवन स्तर पर पड़ता है। कर दरों में संशोधन, छूटों में परिवर्तन तथा नई योजनाओं की घोषणा से मध्यम वर्ग, व्यापारी वर्ग और उद्योग जगत सभी प्रभावित होते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. संगीता गुप्ता, मोहम्मद अंजर, संजय शर्मा, दीपक गर्ग, सोनिका, पूरवी, प्राची, रोहन त्यागी, प्रशांत गुप्ता, विनीता चैधरी, सतीश, अमित, पवन बलियान एवं लवी वर्मा शामिल रहे।