शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ0 राजीव कुमार द्वारा महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न ( प्रतितोष, प्रतिषेध एवम निवारण) अधिनियम 2013 के अन्तर्गत कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें डीएवी पीजी कॉलेज के एनएसएस वालंटियर्स द्वारा प्रतिभाग किया गया। अधिनियम का उद्देश्य महिलाओं के लिए एक सुरक्षित, गरिमापूर्ण और अनुकूल कार्य वातावरण बनाना तथा उन्हें यौन उत्पीडन के विरुद्ध सुरक्षा प्रदान करना है।
कार्यशाला में उपस्थित सभी को डॉ0 राजीव कुमार द्वारा महिलाओं की कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं गरिमा हेतु सभी सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों, संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों, अस्पतालों व असंगठित क्षेत्रों व अन्य कार्यस्थलों पर आंतरिक समिति व जनपद स्तर पर गठित स्थानीय समिति, SHe.Box तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रावधानों के विषय में जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर महिला सुरक्षा एवं सम्मान विषय पर प्रश्नोत्तरी के सफल प्रतिभागियों नबिया, गुलजंहा, प्रीति,वंशिका, कायम व सुम्बुल को सम्मानित किया गया। कार्यशाला में डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो0 डॉ0 योगेश कुमार के मार्गदर्शन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो0 डॉ0 संजीव कुमार, प्रो0 डॉ0 रचना त्यागी, प्रो0 डॉ0 योगेश, प्रो0 डॉ0 आसिफ व वालंटियर पलक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
