एडीएम संजय सिंह की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित, आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये

 

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभागार में गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि गणतंत्र दिवस विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने समस्त नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों सहित जिला पंचायत राज अधिकारी सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश कि गणतंत्र दिवस से पूर्व अपने अपने क्षेत्र में सभी चैराहों पर लगी मूर्तियों की साफ सफाई कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि प्रातः 8.30 बजे सभी सरकारी भवनों पर झंडा अभिवादन तथा संविधान में उल्लिखित संकल्प का स्मरण तथा राष्ट्रीय गान का गायन संबंधित विभाग के वरिष्ठतम अधिकारी गण द्वारा संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभात फेरी टाउन हाल से प्रारम्भ होकर अंसारी रोड-शिव चैक होते हुए टाउन हाल पर समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा सुक्ष्म जलपाल की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने बताया कि प्रातः 9 बजे से स्टेडियम में दौड प्रतियोगिता होगी। उन्होंने बताया कि प्रातः 9-30 बजे पुलिस लाइन में ध्वजारोहण होगा तथा केन्द्र या प्रदेश सरकार के माननीय द्वारा परेड की सलामी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रातः 10-00 बजे सभी शिक्षण संस्थाओं में ध्वज फहराया जायेगा, ध्वजारोहण के पश्चात खेल-कूद, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन तथा विभाग द्वारा जारी निर्देशो के अनुसार समारोह आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रातः 11 बजे जिला कारागार में महिला बन्दियों, किशोर बन्दी एवं रोगी बन्दियों को व जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरण किया जायेगा। 

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि 12 बजे आयोजित सम्मिलित मार्च पास्ट में पुलिस बैन्ड, स्कूल बैन्ड, एनसीसी, होमगार्ड, स्काऊट, गर्ल्स, गाईड तथा स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान, विकास कार्यो, मद्य निषेध, परिवार कल्याण, प्रदूषण नियन्त्रण, कृषि विभाग, वन विभाग, जिला गन्ना अधिकारी, महाप्रबन्धक जिला उद्योग केन्द्र, दुग्ध विकास, व्यापार मण्डल, स्वयं सेवी संस्था, साक्षरता, डूडा, गन्ना शोध, उद्यान, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग आदि की झांकियां बैनर्स के साथ निकाली जायेगी। उन्होंने कहा कि मार्च पास्ट पुलिस लाईन से प्रारम्भ होकर अंसारी रोड होते हुए सरवट रोड चैराहा व शिव चैक होकर झांसी की रानी की ओर से टाउन हाल में समाप्त होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि इस सम्बन्ध में नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी के साथ एक बैठक कर समस्त व्यवस्था सुनिश्चित कर लें।

एडीएम संजय सिंह ने निर्देश दिये कि नगर पालिका परिषद मार्च पास्ट के मागों एवं टाऊन हाल के अन्दर व बाहर पर्याप्त सफाई, कली, चूना का छिडकाव एवं आवश्यकतानुसार कुर्सी व दरी आदि डलवाना तथा मिष्ठान आदि के वितरण की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने कहा कि अपरान्ह 1-30 बजे कुष्ठ आश्रम में फल वितरण नगर मजिस्ट्रेट, नगर क्षेत्र अधिकारी पुलिस, सचिव मंडी समिति के तत्वाधान में किया जायेगा। उन्होंने कहा कि 3.30 बजे आम सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम नगर पालिका परिषद मैदान में आयोजित होंगे। देश भक्ति के ओत-प्रोत गीत गाये जाएगे, जिसमें गुडविल सोसायटी एवं संगीत संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों का सहयोग प्राप्त कर लिया जाए। इस अवसर पर सभी संबंधित विभाग के अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन विभाग के अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post