शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। जनपद में जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से जिला चिकित्सालय परिसर स्थित सभागार में आयोजित सम्मान समारोह का उद्देश्य वर्ष भर स्वास्थ्य विभाग को निरंतर सहयोग प्रदान करने वाली उन संस्थाओं को सम्मानित करना था, जिन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कार्यक्रम में वर्ष 2024दृ2025 के दौरान रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कुल 41 सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इन संस्थाओं के सहयोग से जनपद में 73 रक्तदान शिविरों का सफल आयोजन किया गया, जिससे जनपद में रक्त की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित हो सकी और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि मुनींद्र धर्मार्थ ट्रस्ट शामली द्वारा सर्वाधिक 627 यूनिट रक्तदान किया गया। इसके अतिरिक्त संत निरंकारी मंडल द्वारा 465 यूनिट, एचडीएफसी बैंक द्वारा 266 यूनिट, श्री कुंद-कुंद जैन इंटर कॉलेज खतौली द्वारा 218 यूनिट तथा अमूल्य जीवन सेवा ट्रस्ट द्वारा 200 यूनिट रक्तदान किया गया। इन प्रमुख संस्थाओं सहित कुल 41 संस्थाओं को उनके अनुकरणीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय वर्मा रहे। उनके साथ ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. पी.के. त्यागी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेश जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा सभी 41 संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रतीक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि डॉ. संजय वर्मा ने कहा कि रक्तदान वास्तव में जीवनदान है। उन्होंने कहा कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही मजबूत स्वास्थ्य सेवाओं की नींव रखी जा सकती है। उन्होंने सभी रक्तदाता संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. पीके त्यागी ने बताया कि वर्ष 2024दृ25 में पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक रक्त संग्रह करने वाला जनपद मुजफ्फरनगर रहा है, जो जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी रक्तदाता संस्थाओं, स्वयंसेवकों एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेश जैन ने अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि नियमित रक्तदान से ही जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता मिल सकती है। कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से सभी रक्तदाता संस्थाओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

