श्री राम पॉलिटेक्निक व आईटीआई छात्रों को कराया औद्योगिक भ्रमण

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। श्री राम पॉलिटेक्निक एवं प्राईवेट आईटीआई के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से एक औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योगों में प्रयुक्त आधुनिक मशीनों, उपकरणों एवं उत्पादन प्रक्रियाओं की प्रत्यक्ष जानकारी दी गई। औद्योगिक भ्रमण के दौरान छात्रों ने विभिन्न भारी मशीनों, उपकरणों एवं उत्पादन इकाइयों को न केवल नजदीक से देखा, बल्कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मशीनों को चलाकर संरचना, कार्यप्रणाली, संचालन विधि, मेंटेनेंस सिस्टम तथा औद्योगिक सुरक्षा उपायों की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। 

इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अश्वनी कुमार ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है, इससे विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता के साथ-साथ आत्मविश्वास भी विकसित होता है, जो उन्हें भविष्य में उद्योगों में कार्य करने के लिए तैयार करता है। मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष शुभम गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना है, जिससे वे अपने कौशल को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित कर सकें।

औद्योगिक भ्रमण में फैकल्टी मेंबर विक्रांत पांचाल, अनुपम त्यागी, सुगंधा शर्मा सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। भ्रमण के उपरांत छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मशीनों को नजदीक से देखने और उनको चलाकर उन्हें औद्योगिक कार्यप्रणाली की गहरी समझ प्राप्त हुई, जो उनके भविष्य के करियर में सहायक सिद्ध होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post