सचिन गुप्ता, खतौली। श्री शिव संस्कृत माध्यमिक विद्यालय थानेश्वर महादेव में माघ कृष्ण पक्ष षट तिला एकादशी एवं मकर संक्रांति के अवसर पर मंदिर प्रांगण में नवीन कार्यालय भवन का उद्घाटन एवं यज्ञशाला का वार्षिकोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक विधि-विधान से यज्ञ आयोजन के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
यज्ञ में मुख्य यजमान यज्ञशाला का निर्माण कराने वाले स्वर्गीय पंडित मधुसूदन शर्मा के पुत्र मनीष शर्मा एवं गिरीश शर्मा सपरिवार रहे। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न यज्ञ के उपरांत नवीन कार्यालय भवन का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में डॉ. अश्वनी लोचन, डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह (उप शिक्षा निदेशक), वीरेंद्र कंसल, सुशांक सिंघल एवं सुलभ अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया। नवीन कार्यालय भवन के उद्घाटन के अवसर पर विद्यालय के छात्रों द्वारा संस्कृत भाषा में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने श्लोक पाठ, संस्कृत गीत, संस्कृत नाटिका सहित अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहा।
थानेश्वर महादेव मंदिर के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने बताया कि यह मंदिर मराठा कालीन है, जिसकी स्थापना छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा कराई गई थी। मंदिर प्रांगण में स्थित सुंदर सरोवर इसकी धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को और बढ़ाता है। इसी परिसर में संचालित गुरुकुल की स्थापना सन 1926 में पंडित मुंशी राम शर्मा द्वारा की गई थी। जुलाई 2026 में यह गुरुकुल अपने 100 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है, जो अपने आप में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि स्वर्गीय मधुसूदन शर्मा द्वारा निर्मित यज्ञशाला का वार्षिकोत्सव मकर संक्रांति के अवसर पर उनके पुत्रों द्वारा निरंतर श्रद्धापूर्वक कराया जाता रहा है। प्रधानाचार्य प्रदीप शर्मा ने मंच संचालन करते हुए दानदाताओं को सम्मानित कराया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुणाचल प्रदेश विद्यालय नामशाही ने की। मुख्य अतिथि डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि पंडित उदय राम शर्मा एवं खंड शिक्षा अधिकारी पंकज अग्रवाल रहे। इस अवसर पर सुलभ अग्रवाल, वीरेंद्र कंसल, आशुतोष शर्मा, सुशांक सिंघल, आचार्य विजय कुमार शर्मा, रवनीत कुमार गोद, रवीश कुमार, योगेंद्र शर्मा, शिवम शर्मा, अनुराधा शर्मा, मनी शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय के व्यवस्थापक ललित मोहन गुप्ता भी कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद रहें।


