शि.वा.ब्यूरो, अहमदाबाद। भारतीय डाक विभाग के तत्वाधान में साइंस सिटी के पास वी. नाइन क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित पतंग उत्सव में स्कूली बच्चों के साथ विभिन्न क्षेत्रों से आए पोस्टमैन और ग्रामीण डाक सेवकों ने लेटर बॉक्स, डाक टिकट, मेल वैन, स्पीड पोस्ट और पार्सल, डाकघर बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक इत्यादि के साथ-साथ डाक सेवाओं के विभिन्न आयामों को सहेजती रंग-बिरंगी पतंगों को आसमान की बुलंदियों तक पहुँचाकर हर्षोल्लास व्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने प्रवर अधीक्षक डाकघर चिराग मेहता संग किया।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि जिस तरह उत्तरायण नई ऊर्जा और नई शुरुआत का प्रतीक है, उसी तरह भारतीय डाक हर घर तक भरोसे, सेवा और संवाद की रोशनी पहुँचाता है। उन्होंने कहा कि ये लोकपर्व सूर्य के उत्तरायण होने के साथ जीवन में सकारात्मक परिवर्तन, परिश्रम के सम्मान और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी को उत्तरायण, मकर संक्रांति, पोंगल एवं माघ बिहु के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कामना व्यक्त की, कि ये पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और नवऊर्जा का संचार करें तथा सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सद्भाव को और सुदृढ़ करें। डाककर्मियों, उनके परिजनों और तमाम स्कूली बच्चों ने पतंगबाजी का भरपूर लुत्फ उठाया, वहीं गुड़-तिल की मिठास के साथ एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डाक उपाधीक्षक एसके वर्मा, सहायक निदेशक अल्पेश आर. शाह, वीएम वोहरा, रितुल गांधी, सहायक अधीक्षक विशाल चैहान, हार्दिक राठौड़, हितेश परीख, भाविन प्रजापति, रौनक शाह, सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
बता दें कि उत्तरायण पर्व पर आयोजित अहमदाबाद का अंतरराष्ट्रीय पतंग उत्सव देश-दुनिया में मशहूर है, इसमें देश-दुनिया से तमाम लोग रंग-बिरंगी पतंगें उड़ाने और देखने के लिए एकत्र होते हैं। इस बार भारतीय डाक विभाग ने भी पहल करते हुए अहमदाबाद में पतंग उत्सव-2026 का आयोजन किया, जिसमें तमाम अधिकारियों-कर्मचारियों ने सपरिवार बढ़-चढ़ कर भाग लिया।


