श्रीमती शशिकांत स्मृति मंच की बैठक में विकास कार्यों के साथ बंदरों और आवारा कुत्तों की समस्या पर हुआ मंथन, गांधी काॅलोन हाउसिंग सोसायटी के अध्यक्ष पवन छाबड़ा को सम्मानित किया

डाॅ. संजय अग्रवाल, मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी स्थित गांधी वाटिका के सभा कक्ष में श्रीमती शशिकांत स्मृति मंच द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें गांधी कॉलोनी हाउसिंग सोसायटी के अध्यक्ष पवन छाबड़ा को शाल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कॉलोनीवासी, समाजसेवी और गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

श्रीमती शशिकांत स्मृति मंच के संस्थापक एवं मुख्य संरक्षक इंजीनियर सुभाष चंद्र ने कहा कि शशिकांत स्मृति मंच सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने की परंपरा निभाता आ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच और सेवा भावना को बढ़ावा मिलता है और नई पीढ़ी को सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरणा मिलती है। 

गांधी कॉलोनी हाउसिंग सोसायटी के अध्यक्ष पवन छाबड़ा ने कहा कि यह उनकी अध्यक्ष के रूप में दूसरी पारी है और वह गांधी कॉलोनी के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि गांधी कॉलोनी हाउसिंग सोसायटी उत्तर प्रदेश सरकार की देखरेख में संचालित होती है, जहां 481 परिवार निवास करते हैं। उन्होंने बताया कि कॉलोनी को प्रशासनिक रूप से 9 वार्डों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक वार्ड अपने प्रतिनिधि चुनता है, जिनके माध्यम से अध्यक्ष और डिप्टी चेयरमैन का चयन किया जाता है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कॉलोनी में 60 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी रखते हैं। इसके अलावा समिति द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग भी किया जाता है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान पवन छाबड़ा ने कॉलोनीवासियों की समस्याओं को भी मंच से उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बंदरों और आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि लिंक रोड के रास्ते अन्य इलाकों से बंदरों को यहां छोड़े जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने नगर पालिका परिषद से इस दिशा में शीघ्र और ठोस कार्रवाई की मांग की। 

इस अवसर पर समिति के डिप्टी चेयरमैन ओमप्रकाश, सदस्य कमल, प्रमुख समाजसेवी राजकुमार रहेजा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच के अध्यक्ष डॉ. अभिषेक अग्रवाल और उपाध्यक्ष आकांक्षा अग्रवाल ने आभार ज्ञापित किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post