शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने प्रदेश भर में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की, जिसमें उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 18 जनवरी को मिशन मोड पर प्रत्येक बूथ पर आलेख्य मतदाता सूची एवं अप्राप्त श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की सूची को पढ़कर सुनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवस्थित समस्त बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों की निर्धारित समय से पूर्व उपस्थिति प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से सम्पन्न हो सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारियों के पास 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची, गणना अवधि के दौरान अप्राप्त श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की सूची, अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक व डुप्लीकेट मतदाताओं की सूचियाँ उपलब्ध कराई जाएँ, ताकि मतदाता अपनी प्रविष्टियों का सत्यापन कर सकें। उन्होंने निर्देश दिये कि मतदाताओं की सुविधा हेतु दावे एवं आपत्तियों से संबंधित फार्म 6 (घोषणा-पत्र सहित), फार्म 6ए, फार्म 7 एवं फार्म 8 (घोषणा-पत्र सहित) पर्याप्त मात्रा में सभी बूथों पर उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी हेतु निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में यह सुनिश्चित किया जाए कि समस्त बूथों पर निर्धारित कार्यवाही पूर्ण रूप से सम्पन्न हो। उन्होंने निर्देश दिये कि बूथ लेवल अधिकारियों के सहयोग हेतु आवश्यकतानुसार अन्य कार्मिकों की भी ड्यूटी लगाई जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि एनजीएसपी पर प्राप्त हो रही शिकायतों का समय से निस्तारण किया जाए। डिफॉल्ट प्रकरणों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और प्राप्त शिकायतों का तथ्यपरक स्पष्ट उत्तर दिया जाए, जिससे की शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके। उन्होंने मतदाताओं से प्राप्त हो रहे फॉर्म 6 जो निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर लंबित है या अभी तक बीएलओ असाइन नहीं किया गया है उसपर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि इसे तत्काल प्रोसेस करते हुए निस्तारित कराया जाए।