श्री राम कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। श्री राम कॉलेज में गणतंत्र दिवस का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कॉलेज के चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ द्वारा ध्वजारोहण किया गया। डॉ. एस.सी. कुलश्रेष्ठ, निदेशक श्रीराम ग्रुप आफ इंजीनियरिंग डॉ0 एसएन चौहान, श्रीराम कॉलेज के निदेशक डॉ0 अशोक कुमार, श्रीराम कॉलेज की प्राचार्य डॉ0 प्रेरणा मित्तल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

मुख्य अतिथि ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे संविधान की शक्ति और राष्ट्रीय एकता का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे व्यापक और समावेशी संविधान है, जो प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है। युवाओं को संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। डॉ.आरपी सिंह ने बताया कि संविधान का निर्माण विभिन्न देशों के संविधानों से प्रेरणा लेकर किया गया है। उन्होंने संविधान के निर्माण की प्रक्रिया, उसके उद्देश्यों तथा स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व जैसे मूल्यों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

श्री राम पॉलिटेक्निक के छात्रों द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात छात्रों ने राजस्थानी एवं पंजाबी युगल नृत्य, भांगड़ा गीतों पर नृत्य प्रस्तुति तथा देशभक्ति गीतों “ऐसा देश है मेरा” और “संदेशे आते हैं” पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ0 रीतू पुंडीर द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज के सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post