शि.वा.ब्यूरो, जानसठ। तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जन जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजकुमार भारती ने समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित अफसरों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में आईं सभी शिकायतों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जाँच करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निश्चित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि महिला अपराध सम्बन्धी शिकायतों की जाँच प्राथमिकता के आधार पर की जाए। इसके साथ ही उन्होंने आईजीआरएस पर प्राप्त हो रही शिकायतों का समयबद्धता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिये।
संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, नगर पालिका, नगर पंचायत, राजस्व से संबंधित, श्रम विभाग से संबंधित पेंशन, विद्युत विभाग से संबंधित वन विभाग आदि से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी रूपाली रावॉ, तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता सहित प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।
