विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये ठगे

गौरव सिंघल, सहारनपुर। विदेश में नौकरी दिलाने के बहाने साइबर ठगों ने केरल के एक युवक से पांच लाख रुपये ठग लिए है। यह रकम सहारनपुर की एसबीआई शाखा के एक खाते में जमा हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर केरल के एक युवक से पांच लाख रुपये साइबर ठगों ने ठग लिए। ठगी की रकम कोतवाली मंडी क्षेत्र की मंडी समिति रोड स्थित एसबीआइ शाखा में जमा हुई थी। जिसमें बाद पुलिस ने तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। केरल में जिला एर्नाकुलम निवासी एंटोनी केवी पुज बिनू से विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे पांच लाख रुपए एसबीआइ की शाखा के एक खाते में ट्रांसफर कराई गई थी। जिसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान पाया गया कि संदिग्ध खाता एसबीआइ शाखा मंडी समिति सहारनपुर का है, जो खाताखेड़ी निवासी मासूम के नाम पर है। उप निरीक्षक दीपक कुमार ने इस मामले की तहरीर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित मासूम को बुलाकर उससे पूछताछ की। मासूम ने पुलिस को जानकारी दी कि यह खाता उसने उवैश मलिक और आसिफ अंसारी को उपयोग के लिए दे रखा था। मासूम ने पुलिस को यह भी बताया कि आसिफ अंसारी और उवैश मलिक ने उसे कहा था कि खाते में जो भी रकम आए, उसे तुरंत निकाल लेना, क्योंकि वह साइबर ठगी से संबंधित है। खाता कभी भी फ्रीज हो सकता है। बदले में उसे हर ट्रांजैक्शन पर 10 प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया गया। पुलिस ने मासूम, उवैश मलिक व आसिफ अंसारी पर केस दर्ज किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post