शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध समस्त चिकित्सीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. भानु प्रताप को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा ओपीडी कक्ष, वार्ड, दवा वितरण कक्ष, प्रयोगशाला, लेबर रूम, इमरजेंसी सेवाएं, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तार से निरीक्षण किया गया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा मरीजों से मिलकर उपचार व सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कार्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. भानु प्रताप को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार हेतु समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर अमल में लाने के निर्देश दिए गए।

