सचिन गुप्ता, मुजफ्फरनगर। ग्राम पंचायत से संबंधित आरटीआई की जानकारी न दिए जाने से नाराज भाकियू लोक शक्ति के कार्यकर्ताओं ने एक ब्लॉक सचिव के खिलाफ मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। संगठन के कड़े रुख को देखते हुए उच्च अधिकारियों ने संबंधित सचिव को मौके पर तलब किया। सचिव द्वारा 10 दिन के भीतर सूचना उपलब्ध कराने का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त कराया गया।
भाकियू लोक शक्ति के जिलाध्यक्ष ठाकुर नीरज सिंह ने बताया कि उन्होंने ब्लॉक सचिव पंकज सिद्धार्थ से ग्राम पंचायत सरधन दुधली से जुड़ी जानकारी आरटीआई के माध्यम से मांगी थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद सचिव द्वारा कोई सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई, इससे नाराज होकर संगठन ने पहले विकास भवन पहुंचकर मुख्य विकास अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा था और शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि ज्ञापन दिए जाने के बावजूद जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ मजबूरन विकास भवन में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करना पड़ा।
धरने के दौरान संगठन के लोगों ने आरटीआई कानून का पालन न करने को गंभीर लापरवाही बताया और संबंधित सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। धरना शुरू होने के काफी देर बाद उच्च अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए दोषी ब्लॉक सचिव पंकज सिद्धार्थ को विकास भवन बुलाया और आरटीआई के तहत मांगी गई सूचना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस पर सचिव ने 10 दिन का समय मांगते हुए लिखित में आश्वासन दिया कि निर्धारित अवधि के भीतर पूरी सूचना उपलब्ध करा दी जाएगी। लिखित आश्वासन मिलने के बाद भाकियू लोक शक्ति के जिलाध्यक्ष ठाकुर नीरज सिंह ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में सूचना नहीं दी गई तो संगठन दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होगा।
धरने की अध्यक्षता प्रदेश सचिव राधे प्रणामी व संचालन जिला उपाध्यक्ष सैयद मुमताज अली ने किया। इस अवसर पर संगठन के युवा जिला अध्यक्ष आकाश ठाकुर, सुमित राजपूत, फिरोज गांधी, समीर, शाहवेज खान, शकील अहमद, अमित ठाकुर, मिंटू पांचाल, नौशाद खान, राकेश भटनागर आदि सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

