शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य लवकुश कुमार ने यहां विकास भवन के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में अनुसूचित वर्ग से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन, लंबित शिकायतों के निराकरण, अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरणों की स्थिति तथा कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं संवेदन शीलतापूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत प्रदान किया जाए।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य ने बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए भविष्य में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुसूचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा एवं सामाजिक न्याय की स्थापना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा जो भी निर्देश दिए हैं, उनका अक्षरशः अनुपालन कराया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार सहित पुलिस, सामाजिक न्याय एवं संबंधित अन्य विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


